आज अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस मनाया जा रहा है

0

केन्‍द्रीय पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन मंत्री प्रकाश जावडेकर ने विश्‍व बाघ दिवस के अवसर पर अपने संदेश में कहा है कि देश में बाघों की संख्‍या में वृद्धि में वन्‍य कर्मचारियों का महत्‍वपूर्ण योगदान रहा है। उन्‍होंने कहा कि ताजा गणना के अनुसार देश में बाघों की संख्‍या दो हजार 967 है। देश में चार वर्षों में इनकी संख्‍या 741 बढी है। पर्यावरण मंत्री ने कहा कि 1973 में जब बाघ परियोजना शुरू की गई थी, उस समय देश में सिर्फ नौ बाघ अभयारण्‍य थे जिनकी संख्‍या बढ़कर अब 50 हो गई है। 

केंद्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने वन प्रबंधन कर्मियों को नमन किया है, जिनके प्रयासों से देश में बाघों की संख्या बढ़ रही है। अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस पर अपने संदेश में पर्यावरण मंत्री ने कहा कि बाघ संरक्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आत्मनिर्भरता के संकल्प का उत्कृष्ट उदाहरण है।

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने देश में बाघ परियोजना के सफल कार्यान्वयन के लिए सरकार को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि बाघ परियोजना के प्रति समर्पित दृष्टिकोण अपनाते हुए भारत ने लक्षित वर्ष 2022 से पहले ही बाघों की संख्‍या दोगुणी कर ली है। अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर ट्वीट में श्री नायडू ने लोगों से कहा कि वे बाघों की रक्षा के महत्व और पारिस्थितिकी प्रणालियों के संरक्षण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति अधिक जागरूकता फैलाएं। उन्होंने बाघों को बचाने और उनके परिवासों की रक्षा करने के प्रति वचनबद्धता का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed