भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटीज, धनबाद की बहुप्रतीक्षित आमसभा संपन्न, कार्यकारिणी के दस सदस्य निर्वाचित, कौशलेंद्र सिंह चेयरमैन नियुक्त हुए

0

मनीष रंजन की रिपोर्ट

धनबाद: इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटीज, धनबाद की बहुप्रतीक्षित आमसभा जो आठ सालों के बाद हुई। आमसभा में दस सदस्यीय कार्यकारिणी समिति का चुनाव आम सहमति से न होकर बैलेट के द्वारा किया गया। चुनावी प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए उपायुक्त के द्वारा चुनाव पदाधिकारी की नियुक्ति की गई थी। रेडक्रॉस सोसाइटीज, धनबाद की अध्यक्ष सह उपायुक्त माधवी मिश्रा ने अपनी उपस्थिति में चुनाव प्रक्रिया की जानकारी दी तथा लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की।
ज्ञात हो कि धनबाद के सामाजिक कार्यकर्त्ता और रेडक्रॉस सोसाइटीज, धनबाद के आजीवन सदस्य कुमार मधुरेंद्र सिंह ने रेडक्रॉस सोसाइटीज, धनबाद के सुचारू क्रियान्वयन करने हेतू चुनाव कराने की अपील ईमेल के जरिए राष्ट्रपति कार्यालय से की थी जिसे अनंत सोच लाइव न्यूज पोर्टल ने प्राथमिक तौर पर उसे संलग्न कर जगह दी थी। राष्ट्रपति कार्यालय ने उसे झारखंड के राज्यपाल तथा संबंधित विभाग के उच्च पदाधिकारी को इस पर संज्ञान लेने को कहा था। पिछले डेढ़ साल में दो बार आमसभा की तिथि की घोषणा की गई थी लेकिन अपरिहार्य कारणो से इसे स्थगित कर दिया गया था। आखिर तीसरी बार तारीख के तय होने पर निर्धारित तिथि पर आमसभा कर चुनाव संपन्न करा कर कार्यकारिणी के दस सदस्यों की कमिटी बना दी गई।
चुनाव में 33 लोगों ने अपना पर्चा भरा और सभी 33 प्रत्याशियों ने हिस्सा लिया। कुल 141 सदस्यों ने मतदान किया। मतदान के बाद तीन मतदाता के बैलेट रद्द कर दिए गए। कुल 138 मतदाताओं के मतपत्र सही पाये गए।
मतगणना के बाद दस कार्यकारिणी सदस्यों को मतों के आधार पर निर्वाचित किए गए।
मतपत्रों की गिनती के बाद रेडक्रॉस सोसाइटीज, धनबाद के पूर्व सचिव श्री कौशलेंद्र कुमार सिंह को सबसे ज्यादा 92 मत प्राप्त हुए। उसके बाद श्री धनेश्वर महतो दूसरे स्थान पर रहे जिन्हे 74 मत मिले। तीसरे स्थान पर कुमार मधुरेंद्र सिंह एवं श्री दिलीप कुमार सिंह रहे जिन्हे 65-65 मत प्राप्त हुए। बेनजीर परवीन को 62 मत मिले। श्वेतांबर पाठक को 57, देवेन्द्र कुमार को 55, आशीष अग्रवाल को 54,डाॅ जिम्मी अभिषेक एवं अनिल कुमार भगत को 53-53 मत मिले।
दस कार्यकारिणी के सदस्यों के चुनाव के बाद सभी ने आपस में मिलकर उन्ही सदस्यों में से श्री कौशलेंद्र कुमार सिंह को चेयरमैन एवं श्री धनेश्वर महतो को वाइस चेयरमैन के रूप में सर्व सम्मति से चुनाव किया गया। कोषाध्यक्ष का चुनाव कार्यकारिणी की पहली बैठक में की जायेगी।
चुनाव संपन्न होने के बाद कार्यकारिणी सदस्य कुमार मधुरेंद्र सिंह ने बताया कि रेडक्रॉस सोसाइटीज, धनबाद को सुचारू रूप से चलाने के लिए वे सभी सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित कर रेडक्रॉस सोसाइटीज, धनबाद में सभी सुविधाओं को बहाल करने की कोशिश करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *