मनीष रंजन की रिपोर्ट 

धनबाद: बरवाअड्डा कृषि बाजार प्रांगण स्थित पुराने बरवाअड्डा थाना परिसर में रविवार को पुलिस निरीक्षक गोविंदपुर अंचल के नवनिर्मित कार्यालय का शुभारम्भ वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी, बाजार समिति चैंबर के सदस्य एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

पुलिस निरीक्षक कार्यालय के शुभारंभ के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने कहा कि इस परिसर में पुलिस निरीक्षक कार्यालय की स्थापना से क्षेत्र में विधि-व्यवस्था संधारण और अपराध नियंत्रण में सहूलियत मिलेगी। उन्होंने बताया कि बाजार समिति से बरवाअड्डा थाना के स्थानांतरण के बाद व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों द्वारा पुराने थाना भवन में टीओपी स्थापित करने की मांग की जा रही थी। आवश्यकता और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए टीओपी के स्थान पर गोविंदपुर अंचल पुलिस निरीक्षक कार्यालय की स्थापना का निर्णय लिया गया।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस अंचल निरीक्षक कार्यालय में कुल दस अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, जिसमें दो पदाधिकारी एवं आठ जवान शामिल हैं, जो चौबीसों घंटे तैनात रहेंगे। बाजार समिति परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में नियमित गश्त की जाएगी। साथ ही स्थानीय नागरिक अपनी किसी भी समस्या अथवा शिकायत के समाधान के लिए अंचल निरीक्षक कार्यालय में सीधे संपर्क कर सकेंगे।

सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में जानकारी देते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने बताया कि थाना परिसर के सामने सुरक्षा के दृष्टिकोण से ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन कैमरा लगाया जा रहा है। इस कैमरे के माध्यम से सड़क से गुजरने वाले सभी वाहनों पर नजर रखी जाएगी और वाहनों की पहचान उनके नंबर प्लेट के आधार पर की जा सकेगी।

उन्होंने यह भी बताया कि बाजार समिति के सहयोग से बाजार परिसर के भीतर एक आधुनिक कंट्रोल रूम स्थापित करने की योजना पर कार्य प्रगति पर है। इसके तहत पूरे बाजार समिति परिसर को अंदर और बाहर से सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाएगा, जिससे कृषि बाजार में होने वाली सभी गतिविधियों की निगरानी कंट्रोल रूम से की जा सकेगी। आपातकालीन स्थिति में त्वरित सूचना के लिए बाजार परिसर में सायरन लगाने की भी योजना है।

इस अवसर पर बाजार समिति के अध्यक्ष श्री जितेंद्र अग्रवाल ने वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि परिसर में पुलिस निरीक्षक कार्यालय की स्थापना से बाजार समिति की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिली है और अब व्यापारी निर्भीक होकर अपना व्यवसाय कर सकेंगे।

पुलिस निरीक्षक,गोविंदपुर अंचल कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार, के साथ आरक्षी उपाधीक्षक मुख्यालय शंकर कामती, आरक्षी उपाधीक्षक यातायात अरविन्द कुमार सिंह, आरक्षी उपाधीक्षक साइबर संजीव कुमार सहित कई अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं बाजार समिति के सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *