

चंदन पाल की रिपोर्ट
धनबाद: लिंडसे क्लब एंड लाइब्रेरी, धनबाद में 19 से 21 दिसंबर तक वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव पोष पार्बन मेला का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर मंगलवार को क्लब परिसर में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता क्लब के अध्यक्ष डॉ अमलेंदु सिन्हा ने की।
डॉ सिन्हा ने बताया कि पोष पार्बन मेला बंगाली नव पोष महीने के स्वागत का प्रतीक है, जिसे हर वर्ष सांस्कृतिक उल्लास और पारंपरिक रंगों के साथ मनाया जाता है।
उन्होंने जानकारी दी कि 19 दिसंबर की संध्या 6 बजे मेले का भव्य उद्घाटन बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे, जबकि आईआईटी-आईएसएम के डायरेक्टर (पर्सनल) धीरज कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उद्घाटन समारोह के दौरान दीप प्रज्वलन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
20 दिसंबर को बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन होगा। साथ ही साथ प्रसिद्ध बाउल गायक निमाई अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
21 दिसंबर को प्रातः रक्तदान शिविर एवं शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
मेले में लगभग 25 स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां अधिकतर खान-पान के स्टाॅल रहेंगे साथ ही हस्तशिल्प व अन्य सामान के स्टॉल रहेंगे। इसके अलावा इस अवसर पर क्लब के सोविनियर का भी विमोचन भी किया जाएगा।
