
मनीष रंजन की रिपोर्ट
धनबाद : धनबाद पुलिस ने बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के होटल मैहर में छापेमारी कर पांच संदिग्ध साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। सीटी एसपी श्री ऋत्विक श्रीवास्तव ने प्रेस वार्ता में बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक की गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक विधि व्यवस्था नौशाद आलम के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों के पास से दस मोबाइल फोन, 38 बैंक के एटीएम कार्ड, सोलह सिम कार्ड, फिंगरप्रिंट क्लोनिंग की सामग्री, एम एटीएम और पेटीएम की पोस मशीनें बरामद हुई हैं।
सिटी एसपी ने बताया कि आरोपी फर्जी APK फाइल के जरिए ओटीपी और एसएमएस प्राप्त कर विभिन्न बैंकों के डमी खाते बनाकर लाखों रुपये की ठगी करते थे। आरोपियों के व्हाट्सअप चैट के आधार पर कई बैंक खातों की जानकारी मिली है, जिनके खिलाफ विभिन्न राज्यों में साइबर फ्रॉड के मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों में नोएडा, गिरिडीह, रोहतास और धनबाद के निवासी शामिल हैं। बरामद सामग्री में नकद छह हजार रुपए और महिंद्रा स्कार्पियो वाहन शामिल है। मामले में बैंक मोड़ थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है।
छापेमारी दल में बैंक मोड़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, सब इंस्पेक्टर तारिक वासिम, अभय कुमार, शहबाज अंसारी और आरक्षी नरेंद्र कुमार शामिल थे।
