

चंदन पाल की रिपोर्ट
धनबाद: धनबाद में बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे कथित अत्याचार के खिलाफ आज जोरदार विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। गोल बिल्डिंग से बैंक मोड़ ओवरब्रिज होते हुए बिरसा चौक तक आक्रोश मार्च निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। मार्च के समापन के बाद धनबाद विधायक राज सिन्हा के नेतृत्व में बांग्लादेश सरकार का पुतला दहन कर विरोध जताया गया।
इस अवसर पर विधायक राज सिन्हा ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के साथ हो रहे अत्याचार अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां हिंदू समुदाय को लगातार हिंसा और भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार इस मामले को गंभीरता से लेगी और दोषियों को सबक सिखाने का काम करेगी।
उन्होंने विशेष रूप से दीपु चंद्र दास की कथित हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है। विधायक ने भारत सरकार से मांग की कि बांग्लादेश सरकार पर दबाव बनाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाए और वहां रह रहे हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
