
मनीष रंजन की रिपोर्ट
धनबाद: एसएनएमएमसीएच से शनिवार की मध्य रात्रि चोरी हुए नवजात शिशु के मामले में धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए नवजात शिशु को सकुशल बरामद कर उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। इस मामले में पुलिस ने घटना में संलिप्त चार अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया है।
सोमवार की सुबह वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार स्वयं अस्पताल पहुंचे और बरामद नवजात शिशु के स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बच्चे की मां व परिजनों से मुलाकात कर घटना के संबंध में विस्तार से जानकारी हासिल की। नवजात की सकुशल बरामदगी पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस के प्रति आभार प्रकट किया।
नवजात की माता सरिता देवी ने बताया कि बच्चे के चोरी होने के बाद परिवार पूरी तरह टूट चुका था और बच्चे के वापसी की उम्मीद लगभग खत्म हो गई थी, लेकिन पुलिस ने शिकायत मिलते ही चंद घंटों में बच्चे को सुरक्षित बरामद कर उन्हें सौंप दिया। एसएसपी से मुलाकात के दौरान बच्चे की मां भावुक हो गईं और उन्होंने पुलिस को धन्यवाद दिया।
परिजनों से मुलाकात के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने अस्पताल अधीक्षक समेत चिकित्सकों व कर्मचारियों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की कोई भी घटना न हो, इसके लिए जल्द ही एसएनएमएमसीएच परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की जाएगी। अस्पताल में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नई और मजबूत व्यवस्था लागू की जाएगी तथा सुरक्षा को लेकर हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
