मनीष रंजन की रिपोर्ट 

धनबाद : नव वर्ष के स्वागत को लेकर जिले में बढ़ती भीड़ और उत्सव के माहौल के मद्देनज़र मंगलवार को पूरे जिले में विशेष एंटी क्राइम और यातायात जांच अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, अपराधियों और शरारती तत्वों पर नियंत्रण तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम करना रहा। इसके तहत सभी थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने स्वयं अभियान की कमान संभाली और देर रात विभिन्न इलाकों में भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ सिटी एसपी त्रत्विक श्रीवास्तव, प्रशिक्षु आईपीएस अंकित सिन्हा, ट्रैफिक डीएसपी अरविन्द सिंह सहित कई डीएसपी और थाना प्रभारी सक्रिय रूप से अभियान में शामिल रहे।

अभियान के दौरान नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। अनावश्यक अड्डेबाजी और भीड़भाड़ पर रोक लगाई गई, वहीं वांछित अपराधियों की तलाश, चोरी के वाहनों की पहचान, अवैध शराब कारोबार, जुआ और लॉटरी जैसे गैरकानूनी धंधों पर भी पुलिस ने कड़ा प्रहार किया। यातायात नियमों के उल्लंघन पर हेलमेट और सीट बेल्ट जांच के साथ जुर्माना भी लगाया गया।

मुख्य सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर विशेष बल की तैनाती कर 1422 वाहनों की सघन जांच की गई। ब्रेथ एनालाइजर से जांच में नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए कई वाहनों को जब्त किया गया, जिन्हें न्यायालय के आदेश के बाद छोड़ा जाएगा।

एंटी क्राइम जांच के क्रम में संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर अनावश्यक रूप से अड्डेबाजी कर रहे लोगों को हिरासत में लिया गया। जिलेभर में पुलिस गश्त और तेज कर दी गई है ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।

नव वर्ष को देखते हुए मॉल, बाजार, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, सिनेमा हॉल, पिकनिक और पर्यटन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना डायल 112 पर तुरंत दें।

अभियान के दौरान सिंफर गेट, सरायढेला स्टील गेट, सरायढेला थाना मोड़, गोल बिल्डिंग, मेमको मोड़, सिटी सेंटर, स्टेशन रोड, रणधीर वर्मा चौक, बैंक मोड़, धनसार चौक और मटकुरिया चेक पोस्ट सहित कई प्रमुख इलाकों में जांच की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *