मनीष रंजन की रिपोर्ट 

धनबाद : आज न्यू टाउन हॉल में डायन कुप्रथा उन्मूलन, बाल विवाह मुक्त झारखंड, मिशन शक्ति एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं को लेकर अनुमंडल स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाना और महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति सशक्त बनाना रहा।

जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को बाल विवाह, डायन कुप्रथा सहित अन्य सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध शपथ दिलाई गई। वक्ताओं ने विद्यालय स्तर पर जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित करने तथा बाल विवाह रोकथाम के लिए कंट्रोल रूम व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर साहसिक पहल करते हुए स्वयं का बाल विवाह रोकने वाली अनुराधा कुमारी को सम्मानित किया गया। उनके प्रयास को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए वक्ताओं ने कहा कि ऐसी बेटियां सामाजिक बदलाव की मजबूत नींव हैं। साथ ही उपस्थितजनों को महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि बाल विवाह और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ लड़ाई में समाज की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है।

इस अवसर पर उपायुक्त आदित्य रंजन, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, धनबाद विधायक राज सिन्हा सहित कई विशिष्ठ लोगों की उपस्थिति थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *