मनीष रंजन की रिपोर्ट 

धनबाद: धनबाद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था को मजबूत करने को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।

ओवर स्पीड पर नियंत्रण के लिए ट्रैफिक पुलिस को अतिरिक्त स्पीड गन उपलब्ध कराई जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर स्पीड लिमिट तय कर साइन बोर्ड लगाए जाएंगे और इंटरसेप्टर वाहनों से लगातार जांच होगी। जिले में 369 स्थानों पर एएनपीआर, बुलेट और पीटीजेड कैमरे लगाने का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है।

आठ लेन सड़कों पर स्ट्रीट लाइट दुरुस्त की जाएंगी और जरूरत पड़ने पर सोलर लाइट लगाई जाएंगी। रोशनी की कमी से होने वाली दुर्घटनाओं की स्थिति में प्राथमिकी में राष्ट्रीय राजमार्ग को भी पार्टी बनाया जाएगा।

नो हेलमेट–नो पेट्रोल अभियान को सख्ती से लागू किया जाएगा। नियम का पालन नहीं करने वाले पेट्रोल पंपों के लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा की जाएगी।

बैठक में राह-वीर योजना पर भी चर्चा हुई। सड़क दुर्घटना में घायलों की जान बचाने वालों को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार, प्रशंसा पत्र और राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिया जाएगा।

बैठक के अंत में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत सभी को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। बैठक में नगर आयुक्त आशीषगंगवार, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी सी दिवाकर, ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *