चंदन पाल की रिपोर्ट 

धनबाद : धनबाद समाहरणालय में शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी त्रत्विक श्रीवास्तव ने ओडिशा के क्योंझर जिले में हुई बैंक डकैती के मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 19 जनवरी 2026 को ओडिशा के क्योंझर जिला अंतर्गत बड़बिल स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर डकैती की घटना को अंजाम दिया था। इस संबंध में बड़बिल थाना कांड संख्या 29/26 के तहत धारा 310(2) बीएनएस एवं 25/27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।

घटना की जांच के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक क्योंझर प्रत्युष महापात्रा के नेतृत्व में ओडिशा पुलिस की एक टीम धनबाद पहुंची। इसके बाद धनबाद पुलिस और ओडिशा पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। संयुक्त टीम ने धनबाद जिले के निरसा और सिंदरी थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर छापामारी अभियान चलाया।

इस कार्रवाई के दौरान डकैती में लूटा गया 288 ग्राम सोना, घटना में प्रयुक्त दो स्कॉर्पियो वाहन और चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए। साथ ही इस कांड में शामिल दो प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजा कुमार सिंह (27 वर्ष), निवासी जमुई जिला, बिहार, वर्तमान पता चासनाला, धनबाद तथा कुणाल राज वर्मा (33 वर्ष), निवासी पांडरा, थाना निरसा, धनबाद के रूप में हुई है।

सिटी एसपी त्रत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि यह मामला पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण था, जिसे धनबाद और क्योंझर पुलिस की त्वरित और समन्वित कार्रवाई से सुलझा लिया गया। फिलहाल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापामारी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *