चंदन पाल की रिपोर्ट 

धनबाद: रंगों के त्योहार होली पर धनबाद में प्रशासनिक अधिकारियों ने भी पूरे उत्साह और उमंग के साथ जश्न मनाया। डीसी और एसएसपी आवास पर अधिकारियों का जुटान हुआ, जहां रंग-गुलाल के बीच भाईचारे का संदेश दिया गया।

होली के शुभ अवसर पर धनबाद में उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के आवास पर धूमधाम से होली मनाई गई। सबसे पहले एसएसपी प्रभात कुमार के आवास पर जिले के पुलिस पदाधिकारी एकत्रित हुए। इस मौके पर ग्रामीण एसपी श्री कपिल चौधरी, सिटी एसपी त्रत्विकश्रीवास्तव, सभी डीएसपी और जिले के विभिन्न थाना प्रभारी मौजूद रहे।

ढोल-नगाड़ों की थाप पर अधिकारियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। माहौल पूरी तरह से रंगमय और उत्साह से भरा रहा। कई अधिकारियों ने पारंपरिक अंदाज में होली खेली और मिट्टी से भी होली का आनंद लिया।

इसके बाद सभी अधिकारी डीसी आदित्य रंजन के आवास पहुंचे, जहां भी रंगों की बौछार के बीच होली का जश्न मनाया गया। यहां भी अधिकारियों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर आपसी सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया।

इस अवसर पर एसएसपी प्रभात कुमार ने पूरे जिलेवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपील की कि सभी लोग शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है, लेकिन आम जनता का सहयोग भी जरूरी है, ताकि होली का त्योहार खुशी और सुरक्षा के साथ संपन्न हो सके।

त्योहार के इस मौके पर प्रशासनिक एकजुटता और सौहार्द का संदेश स्पष्ट रूप से देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *