मनीष रंजन की रिपोर्ट 

धनबाद : नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत धनबाद नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर और वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह 18 मार्च 2026 को आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष और वार्ड पार्षद भी इसी दिन शपथ लेंगे।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने जानकारी देते हुए बताया कि धनबाद नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर और वार्ड पार्षदों की बैठक 18 मार्च को सुबह 10:00 बजे समाहरणालय के प्रथम तल स्थित सभाकक्ष में आयोजित की जाएगी। बैठक के बाद सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को शपथ दिलाई जाएगी।

वहीं चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष और वार्ड पार्षदों के लिए समाहरणालय के तृतीय तल स्थित कक्ष संख्या 314 में बैठक आयोजित की जाएगी, जिसके बाद उन्हें भी शपथ दिलाई जाएगी।

शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद धनबाद नगर निगम के उप महापौर और चिरकुंडा नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया भी उसी दिन संपन्न कराई जाएगी।

चुनाव प्रक्रिया के तहत सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। 

इसके बाद 12:30 बजे से 1:00 बजे तक नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की जाएगी। 

दोपहर 1:00 बजे से 1:30 बजे तक वैध उम्मीदवारों की सूची तैयार की जाएगी, जबकि 1:30 बजे से 1:45 बजे तक नाम वापस लेने का समय निर्धारित किया गया है।

इसके पश्चात 1:45 बजे से 2:15 बजे तक मतपत्र की तैयारी की जाएगी और 2:15 बजे से 3:00 बजे तक उप महापौर व उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान कराया जाएगा।

दोपहर 3:00 बजे से 3:15 बजे तक मतगणना होगी और 3:15 बजे से 3:30 बजे तक परिणाम घोषित कर निर्वाचित उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। 

इसके बाद 3:30 बजे से 4:00 बजे तक नवनिर्वाचित उप महापौर और उपाध्यक्ष को शपथ दिलाई जाएगी।

पूरा कार्यक्रम समाहरणालय परिसर में निर्धारित समयानुसार संपन्न किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *