चंदन पाल की रिपोर्ट 

धनबाद  : एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर फैली अफवाह के कारण झरिया क्षेत्र की गैस एजेंसियों पर अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध की खबरों के बीच लोगों में गैस आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गई है। इसी आशंका के चलते पिछले तीन दिनों से शहर की कई गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं।

झरिया के बस्ताकोला स्थित चौधरी गैस डिस्ट्रीब्यूटर (इंडेन गैस एजेंसी) और देविका गैस एजेंसी में अचानक बड़ी संख्या में लोग खाली सिलेंडर लेकर पहुंच गए। गैस लेने के लिए सुबह से ही लोग लाइन में खड़े दिखाई दिए, जिससे एजेंसी परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और कर्मचारियों को भीड़ संभालने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जोड़ा फाटक निवासी दिनेश शर्मा ने कहा कि अगर गैस की आपूर्ति में कोई समस्या है तो एजेंसी को पहले से अतिरिक्त अतिरिक्त गैस सिलेंडरों की व्यवस्था करनी चाहिए थी, ताकि लोगों को इस तरह लंबी कतार में खड़ा न रहना पड़े। 

वहीं आरएसपी कॉलेज झरिया के समीप रहने वाले बंसल कुमार यादव ने बताया कि वह सुबह 7 बजे से खाली सिलेंडर लेकर लाइन में खड़े हैं, लेकिन दोपहर 12 बजे तक भी उन्हें गैस नहीं मिल पाई।

इस संबंध में एजेंसी के प्रबंधक रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि एजेंसी में गैस सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस भी दी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन क्षेत्र में फैली अफवाह के कारण एजेंसी कार्यालय खुलने के पहले से ही लोग सुबह से ही लाइन में खड़े हैं, जिससे भीड़ की स्थिति बन गई है।

एजेंसी प्रबंधन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही गैस सिलेंडर लें, ताकि अनावश्यक भीड़ और अफरा-तफरी की स्थिति से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *