चंदन पाल की रिपोर्ट 

धनबाद:जिला प्रशासन ने जनभागीदारी के माध्यम से तालाबों और गंदे स्थलों की सफाई की जिम्मेदारी उठाते हुए शहर के रानीबांध तालाब में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य तालाबों के संरक्षण, साफ-सफाई के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को जल स्रोत बचाने के लिए प्रेरित करना था।

इस अभियान में उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, एसडीएम लोकेश बारंगे, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, डीडीसी सन्नी राज सहित कई प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों ने खुद तालाब परिसर में सफाई कार्य कर लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

अधिकारियों ने बताया कि इस पहल के तहत सभी वार्ड पार्षद अपने-अपने क्षेत्र के सबसे गंदे तालाब का चयन करेंगे। इसके बाद चयनित तालाबों की सफाई जनसहभागिता से कराई जाएगी, ताकि स्थानीय लोग भी अपने आसपास के जल स्रोतों के संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।

सफाई अभियान के दौरान तालाब की बाउंड्री वॉल के आसपास पौधारोपण भी किया गया। जिला प्रशासन ने निर्णय लिया है कि हर महीने पार्षदों द्वारा चिन्हित गंदे स्थानों और तालाबों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही वार्डों की रैंकिंग भी तय की जाएगी। बेहतर कार्य करने वाले वार्डों को अलग योजना के तहत विकास कार्यों में प्राथमिकता दी जाएगी।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि तालाबों की सफाई और संरक्षण को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है। 

वहीं एसएसपी प्रभात कुमार और नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने भी नागरिकों से अपील की कि वे तालाबों को गंदा न करें और उनके संरक्षण में सहयोग दें।

प्रशासन का मानना है कि बढ़ती जनसंख्या और तेजी से हो रहे निर्माण कार्यों के कारण तालाबों का अस्तित्व धीरे-धीरे समाप्त होता जा रहा है। ऐसे में जनभागीदारी से चलाया जा रहा यह अभियान जल स्रोतों को बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *