
मनीष रंजन की रिपोर्ट
धनबाद : धनबाद जिले के कुसुम बिहार कॉलोनी निवासी उमेश तिवारी और रेणू तिवारी के पुत्र, डीएवी मॉडल स्कूल (सीएफआरआई, डिगवाडीह) के छात्र हर्ष राज ने सीबीएसई दसवीं बोर्ड परीक्षा में 98.8% अंक प्राप्त कर जिले में टॉपर बनने के साथ-साथ पूरे झारखंड में पांचवां स्थान हासिल किया है। उनकी इस शानदार सफलता से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे धनबाद और झारखंड का नाम रोशन हुआ है।
हर्ष राज की इस उपलब्धि पर झारखंड अभिभावक महासंघ के अध्यक्ष पप्पू सिंह के नेतृत्व में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर श्रीराम सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, एयरपोर्ट मिशन के प्रवीण गोधा, अविनाश पांडे, सत्येंद्र नाथ तिवारी सहित अन्य लोगों ने हर्ष को अंगवस्त्र, उपहार एवं मिठाई देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हर्ष राज का सपना एक बड़ा प्रशासनिक अधिकारी बनने का है, जिसके लिए वे निरंतर मेहनत और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर हैं। उनकी सफलता में उनके परिवार का पूरा सहयोग और सकारात्मक माहौल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
इस अवसर पर पप्पू सिंह ने कहा कि हर्ष की यह सफलता उसकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और पढ़ाई के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि हर्ष आगे भी बड़ी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर धनबाद और झारखंड का नाम रोशन करेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड अभिभावक महासंघ आगे भी मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित और सम्मानित करता रहेगा तथा आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभाशाली छात्रों की सहायता के लिए एक विशेष कोष का निर्माण करेगा।
