मनीष रंजन की रिपोर्ट 

धनबाद: धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक सक्रिय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उनके पास से चोरी की आठ मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं।

बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक चोरी की बाइक के साथ किसान चौक की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान किसान चौक के पास दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई, जहां वे चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़े गए।

गिरफ्तार युवकों से पूछताछ के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों का पता चला। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और कुल चार आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार अपराधियों में सुजीत कुमार महतो, मुकेश कुम्हार, श्यामलाल महतो और विजय महतो उर्फ हरिलाल महतो शामिल हैं।

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि सभी आरोपी पहले भी चोरी, ट्रक चोरी और डकैती जैसे मामलों में शामिल रहे हैं और कई बार जेल जा चुके हैं। बरामद मोटरसाइकिलों में हीरो स्प्लेंडर प्लस और होंडा शाइन जैसी गाड़ियां शामिल हैं, जिनमें कुछ बिना नंबर प्लेट के पाई गईं।

फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है और इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *