चंदन पाल की रिपोर्ट 

धनबाद: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर लोगों में कानूनी साक्षरता एवं जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को 90 दिवसीय व्यापक आउटरीच कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी के साथ की गई। प्रभात फेरी का नेतृत्व प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, डालसा, दुर्गेश चंद्र अवस्थी ने किया।

प्रभात फेरी सिविल कोर्ट धनबाद से प्रारंभ होकर रणधीर वर्मा चौक तक गई और वहां से पुनः सिविल कोर्ट परिसर लौटी।

मीडिया से बातचीत करते हुए न्यायाधीश ने बताया कि आगामी 90 दिनों तक न्यायिक पदाधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीमें विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को कानूनी अधिकारों एवं सहायता योजनाओं की जानकारी देंगी। इस दौरान नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, डायन-बिसाही मामलों के लिए हेल्पलाइन नंबर 181 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी आमजन को दी जाएगी।

उन्होंने लोगों से अपील की कि इन हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल कर उनकी उपयोगिता और कार्यप्रणाली को समझें।

डालसा के सचिव सह अवर न्यायाधीश मयंक तुषार टोपनो ने बताया कि इस अभियान के तहत न्यायिक पदाधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीम जिसमें लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम, एनजीओ, पैनल अधिवक्ता एवं पारा लीगल वॉलंटियर्स शामिल हैं जो डोर-टू-डोर जाकर लोगों को कानून और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देगी।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में वाद-विवाद, निबंध, पेंटिंग, भाषण, प्रभात फेरी आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही बाल विवाह, साइबर ठगी, नशा, डायन-बिसाही, बाल मजदूरी जैसे सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। महिलाओं, दिव्यांगजनों, अनुसूचित जाति-जनजाति एवं वृद्धजनों की सहायता के लिए भी विशेष पहल की जाएगी। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी लोगों तक जागरूकता संदेश पहुंचाया जाएगा।

इस अवसर पर अपर प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय ए. मोईज, जिला एवं सत्र न्यायाधीश पारस कुमार सिन्हा, प्रफुल्ल कुमार, कुमार साकेत, बिकेश, अवर न्यायाधीश निर्मला बारला, समा रोशनी कुल्लू, परमानंद उपाध्याय, संतोषिनी मुर्मु, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी अभिजीत पांडे, रेलवे के विशेष न्यायिक दंडाधिकारी मनोज कुमार, प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी ऋषि कुमार, शिवानी शर्मा, अर्पिता नारायण सहित अनेक न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा एलएडीसीएस चीफ कुमार विमलेंदु, डिप्टी चीफ अजय कुमार भट्ट, सहायक काउंसिल नीरज गोयल, शैलेन्द्र झा, सुमन पाठक, कन्हैया लाल ठाकुर, डालसा सहायक अरुण कुमार, सौरव सरकार, राजेश सिंह, एनसीसी की पांचवीं वाहिनी टीम, मीडिएटर अधिवक्ता टीम तथा पारा लीगल वॉलंटियर्स भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *