चंदन पाल की रिपोर्ट 

धनबाद: झारखंड विधानसभा की प्राक्कलन समिति बुधवार को धनबाद दौरे पर रही, जहां सर्किट हाउस में समिति के सभापति सह विधायक हेमलाल मुर्मू की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

गर्मी के मौसम को देखते हुए समिति ने विशेष रूप से जलापूर्ति योजनाओं की समीक्षा की और पेयजल संकट से निपटने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में समिति के सदस्य सह विधायक मथुरा प्रसाद महतो, नागेंद्र महतो एवं सोमेश चंद्र सोरेन भी उपस्थित रहे।

समीक्षा के दौरान पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रदूषण नियंत्रण, ग्रामीण विकास विभाग तथा नगर निगम सहित कई विभागों के कार्यों की क्रमवार समीक्षा की गई। योजनाओं की प्रगति, कार्यों में हो रही देरी के कारणों और आवंटित राशि के उपयोग पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में सभापति हेमलाल मुर्मू ने बताया कि अधिकांश विभागीय अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे, जबकि एक-दो विभागों के अधिकारी अन्य जिलों में व्यस्त रहने के कारण शामिल नहीं हो सके।

वहीं विधायक नागेंद्र महतो ने कहा कि आम जनता को पेयजल समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से जलापूर्ति योजनाओं पर विशेष फोकस किया गया है। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास से संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा कर संबंधित विभागों को जमीनी स्तर पर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *