

चंदन पाल की रिपोर्ट
धनबाद: वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती के अवसर पर शनिवार, 9 मई को गोल बिल्डिंग स्थित महाराणा प्रताप चौक पर नवनिर्मित आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। इसे लेकर गुरुवार को महाराणा प्रताप स्मारक ट्रस्ट की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि समारोह को भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप देने की तैयारी अंतिम चरण में है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में धनबाद के सांसद शामिल होंगे। इसके अलावा शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, गणमान्य लोगों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों की उपस्थिति रहने की उम्मीद है।
समिति के सदस्यों ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक योद्धा नहीं, बल्कि वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक हैं। उनकी स्मृति में स्थापित की जा रही यह प्रतिमा युवाओं को उनके आदर्शों और संघर्षपूर्ण जीवन से प्रेरणा देगी।
महाराणा प्रताप स्मारक ट्रस्ट की ओर से जिलेवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की गई है।
