

चंदन पाल की रिपोर्ट
धनबाद: धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग को अविलंब चालू कराने की मांग को लेकर धनबाद विधायक राज सिन्हा द्वारा किया जा रहा 24 घंटे का अनशन रविवार को समाप्त हो गया। विधायक ने नारियल पानी पीकर अपना अनशन तोड़ा।
अनशन समाप्त कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से धनबाद उपायुक्त ने फोन पर विधायक को आश्वासन दिया कि धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क से जुड़े तकनीकी पहलुओं पर सोमवार को वैज्ञानिकों के साथ बैठक की जाएगी। बैठक में सड़क की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और आवागमन बहाल करने को लेकर विस्तार से चर्चा होगी।
विधायक राज सिन्हा का कहना था कि सड़क बंद रहने से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। धनबाद और बोकारो के बीच आवागमन प्रभावित होने से रोजमर्रा के कामकाज, व्यापारिक गतिविधियों और मरीजों की आवाजाही पर भी असर पड़ रहा है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की थी कि सड़क की तकनीकी जांच कर जल्द समाधान निकाला जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। उपायुक्त द्वारा वैज्ञानिकों के साथ बैठक कराने का आश्वासन मिलने के बाद विधायक ने अपना अनशन समाप्त कर दिया।
