चंदन पाल की रिपोर्ट 

धनबाद: धनबाद कोर्ट परिसर के पास स्थित कोहिनूर मैदान में बनाए गए वेंडिंग जोन को लेकर नगर निगम की प्रक्रिया अब तेज हो गई है। 7 मई को नगर निगम कार्यालय में लॉटरी के जरिए 177 छोटे विक्रेताओं को दुकानें आवंटित की गईं। हालांकि आवंटन के बाद भी कई विक्रेताओं के सामने रोज़गार और शिफ्टिंग को लेकर नई परेशानियां खड़ी हो गई हैं।

बुधवार को कोर्ट रोड किनारे ठेला लगाकर कारोबार करने वाले कई विक्रेताओं ने अपनी चिंताओं को सार्वजनिक किया। विक्रेता अजय साव ने बताया कि पहले वेंडिंग जोन तक पहुंचने के लिए सड़क निर्माण की मांग की गई थी, जिसके बाद नगर निगम ने एप्रोच रोड तैयार कराया। लेकिन अब भी कई पुरानी आवंटित दुकानों में ताले लगे हुए हैं, जिससे नए दुकानदारों को सामान रखने और व्यवसाय शुरू करने में दिक्कत हो रही है।

उन्होंने कहा कि पहले भी कुछ लोगों ने वहां दुकान चलाने की कोशिश की थी, लेकिन ग्राहकों की कमी के कारण कारोबार नहीं चल पाया। ऐसे में अब छोटे व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी और बच्चों की पढ़ाई की चिंता बढ़ गई है।

इधर विक्रेता बप्पी घोष ने कहा कि नगर निगम ने कोर्ट रोड पर ठेला लगाने से रोक दिया है और वेंडिंग जोन में शिफ्ट होने को कहा है, लेकिन अब तक दुकान का वास्तविक कब्जा नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि केवल सूची में नाम जारी कर देने से समस्या खत्म नहीं होती।

मामले पर मेयर संजीव सिंह ने कहा कि कोहिनूर वेंडिंग जोन शुरू होने से कोर्ट रोड पर जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या में राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य छोटे विक्रेताओं को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराना और आम लोगों की सुविधा सुनिश्चित करना है। इसी को ध्यान में रखते हुए वेंडिंग जोन तक पहुंचने के लिए बेहतर एप्रोच रोड भी बनाया गया है, ताकि ग्राहकों को आने-जाने में परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *