टीम अनंत सोच 

धनबाद। तोपचांची प्रखंड की बरमांडिया पंचायत के नेपोडीह गांव में शनिवार को निरीक्षण के दौरान सांसद प्रतिनिधि सुभाष रवानी को कथित रूप से जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, नेपोडीह गांव के ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को लेकर सुभाष रवानी को मौके पर बुलाया था। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की सड़क से लगातार भारी पत्थर लदे हाइवा वाहनों का आवागमन हो रहा है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में एक बच्ची हाइवा की चपेट में आने से बाल-बाल बची थी।

ग्रामीणों का कहना है कि ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा सड़क पर चेतावनी बोर्ड लगाकर 10 टन से अधिक भार वाले वाहनों के प्रवेश पर रोक की सूचना दी गई है, लेकिन इसके बावजूद भारी वाहन लगातार इस मार्ग का उपयोग कर रहे हैं।

सुभाष रवानी ने बताया कि वे ग्रामीणों की शिकायतों की सत्यता जानने के लिए स्थल निरीक्षण करने पहुंचे थे। उनका आरोप है कि निरीक्षण के बाद लौटते समय स्वयं को पत्थर खनन संचालक बताने वाले नीरज तिवारी ने उन्हें दोबारा क्षेत्र में आने पर जान से मारने की धमकी दी।

उन्होंने कहा कि इलाके में पत्थर खनन गतिविधियों और भारी वाहनों के संचालन से संबंधित शिकायतें वे पहले भी जिला प्रशासन तथा नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के समक्ष उठा चुके हैं। अब उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *