
टीम अनंत सोच
धनबाद: धनबाद जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में कला भवन स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित दस दिवसीय बैडमिंटन समर कोचिंग कैंप का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। समापन समारोह में प्रतिभागी खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
एनआईएस कोच संदीप कुमार डे ने बताया कि 21 मई से 30 मई तक आयोजित इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में इंटरमीडिएट एवं एडवांस स्तर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कैंप के दौरान खिलाड़ियों को प्रतिदिन तीन सत्रों में ग्राउंड ट्रेनिंग तथा ऑन-कोर्ट अभ्यास कराया गया, जिससे उनके तकनीकी और शारीरिक कौशल में निखार आया।
शिविर के दौरान विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने खिलाड़ियों को खेल, फिटनेस, पोषण और मानसिक मजबूती से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। मार्गदर्शन देने वालों में फिजियोथेरेपिस्ट डॉ संगीत गुप्ता, डाइटीशियन सविता महलिक, डॉ राकेश इंदर सिंह, शूटिंग विशेषज्ञ राजेंद्र सिंह वीरडी, जिला खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा, फुटबॉल कोच ज्योति गुप्ता तथा एथलेटिक्स कोच सुजापा ठाकुर प्रमुख रूप से शामिल रहे।
आगामी प्रतियोगिताओं को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों ने पूरे प्रशिक्षण शिविर के दौरान अनुशासन और समर्पण के साथ अभ्यास किया। समापन समारोह में एसोसिएशन के सचिव सम्राट चौधरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतीश कुमार, जिला खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा, प्रेम कुमार, प्रफुल झा (डीजीएम, एसबीआई), मनीष कुमार (रीजनल मैनेजर, एसबीआई), संचमान तमांग, परिमल सिंह, दिनेश मंडल, डॉ स्वतंत्र कुमार, डॉ राकेश इंदर सिंह, अभिषेक वैश्य (स्पोर्ट्स डायरेक्टर, आईएसएम), संतोष पटेल, डॉ मधुमाला, डॉ संगीत गुप्ता, सविता महलिक, विशाल कुमार, बिष्णु भगत एवं रश्मि भारती सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
इस अवसर पर बैडमिंटन कोच प्रेम कुमार को खेल एवं खिलाड़ियों के विकास में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए धनबाद जिला बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से “गुरु सम्मान अवार्ड” प्रदान किया गया। अतिथियों ने उनके समर्पण, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और खिलाड़ियों को निरंतर प्रेरित करने की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
