
टीम अनंत सोच
धनबाद: समाजसेवी कुमार मधुरेन्द्र सिंह ने धनबाद के उपायुक्त को पत्र लिखकर सदर अस्पताल मार्ग पर अव्यवस्थित पार्किंग और स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी बोर्डों की क्षति का मामला उठाया है। उन्होंने जनहित में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
अपने पत्र में उन्होंने बताया कि सिविल सर्जन कार्यालय से लेकर कुपोषण केंद्र के आगे स्थित संकीर्ण मोड़ तक अक्सर विभिन्न व्यक्तियों की चारपहिया गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी रहती हैं। इसके कारण एंबुलेंस सहित अन्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है और कई बार एंबुलेंस जाम में फंस जाती है, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने यह भी कहा कि जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा सिविल सर्जन कार्यालय से लेकर सदर अस्पताल तक आम जनता को विभिन्न बीमारियों की रोकथाम एवं स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी जानकारी देने के लिए लगाए गए कई सूचना बोर्ड क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। कुछ बोर्ड उखड़ चुके हैं, जबकि कई उखड़ने की स्थिति में हैं। उनका आरोप है कि बोर्डों को पर्याप्त मजबूती से नहीं लगाया गया है, जिसके कारण वाहन की टक्कर या अन्य कारणों से वे टूट रहे हैं। साथ ही कुछ बोर्डों को जानबूझकर नुकसान पहुंचाए जाने की आशंका भी व्यक्त की गई है।
समाजसेवी ने कहा कि इन बोर्डों की स्थापना पर सरकारी धन खर्च किया गया है और इनका उद्देश्य जनहित में स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना है। ऐसे में इनके क्षतिग्रस्त होने से सरकारी संसाधनों की भी हानि हो रही है।
उन्होंने उपायुक्त से मांग की है कि सिविल सर्जन कार्यालय से लेकर सदर अस्पताल तक दोनों ओर लगाए गए स्वास्थ्य जागरूकता बोर्डों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा उन्हें क्षतिग्रस्त होने से बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही सिविल सर्जन कार्यालय से लेकर कुपोषण केंद्र के आगे स्थित संकीर्ण मोड़ तक चारपहिया वाहनों की पार्किंग पर रोक लगाई जाए, ताकि एंबुलेंस और अन्य नागरिकों को अस्पताल पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस संबंध में पत्र की प्रतिलिपि जिला रोगी कल्याण समिति की अध्यक्ष श्रीमती शारदा सिंह तथा सिविल सर्जन डाॅ आलोक विश्वकर्मा,धनबाद को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है।
