टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद में अपराध और संगठित गिरोहों के खिलाफ पुलिस ने अब पूरी ताकत झोंकने का फैसला कर लिया है। मासिक अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी प्रभात कुमार ने अपराधियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जिले में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और जरूरत पड़ने पर पुलिस गोली का जवाब गोली से देगी। साथ ही संगठित अपराधियों, अवैध हथियारों और फरार वारंटियों के खिलाफ बड़े अभियान की घोषणा की गई है।

जिला पुलिस मुख्यालय स्थित एसएसपी सभागार में आयोजित मई माह की अपराध समीक्षा बैठक में जिले के सभी वरीय पुलिस पदाधिकारी, एसडीपीओ, डीएसपी, थाना एवं ओपी प्रभारी शामिल हुए। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन, अवैध हथियारों की बरामदगी और आगामी मोहर्रम पर्व की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।

एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि प्रिंस खान समेत सभी संगठित आपराधिक गिरोह पुलिस के रडार पर हैं। इन गिरोहों की गतिविधियों पर नजर रखने और कार्रवाई के लिए विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है।

बैठक में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर भी विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। धनबाद पुलिस ने अगले एक महीने के भीतर एक हजार मोबाइल फोन बरामद करने का लक्ष्य तय किया है। अब तक करीब तीन सौ मोबाइल फोन रिकवर किए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि कई मोबाइल दूसरे जिलों तक पहुंच जाते हैं, जिससे बरामदगी चुनौतीपूर्ण हो जाती है, फिर भी अभियान लगातार जारी रहेगा।

अवैध हथियारों की बरामदगी और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए गठित टास्क फोर्स को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं आगामी मोहर्रम पर्व को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।

मई माह की उपलब्धियों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में कुल 420 नए मामले दर्ज हुए, जबकि 470 मामलों का निष्पादन किया गया। इसी अवधि में 1250 पुराने मामलों में चार्जशीट अथवा अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में समर्पित किया गया।

ऑनलाइन प्राप्त 398 शिकायतों में से 376 का निष्पादन किया गया, जबकि 1884 चरित्र प्रमाण पत्र जारी किए गए। लंबित मामलों की संख्या भी घटकर 1887 से 1850 हो गई है। पुलिस ने अगले दो माह में इसे 1600 से नीचे लाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

वारंट निष्पादन अभियान के तहत मई माह में 1277 लंबित वारंटों का निष्पादन किया गया और 25 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। जून माह में लंबित वारंट और कुर्की मामलों के कम से कम 50 प्रतिशत निष्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

धनबाद पुलिस की इस समीक्षा बैठक से स्पष्ट संकेत मिला है कि आने वाले दिनों में संगठित अपराध, अवैध हथियारों और फरार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और तेज होगी। वहीं गुम मोबाइल की बरामदगी, लंबित मामलों के निष्पादन और त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को भी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *