
टीम अनंत सोच
धनबाद: धनबाद की सामाजिक संस्था आयुष फाउंडेशन ने अपने इंटर्नशिप कार्यक्रम से जुड़े विद्यार्थियों को ग्रामीण जीवन की वास्तविकताओं से परिचित कराने के लिए गोड़तोप्पा गांव का शैक्षणिक भ्रमण कराया। इस दौरान विद्यार्थियों ने गांव के लोगों के जीवन, उनकी चुनौतियों और सामाजिक परिस्थितियों को नजदीक से समझा।
आयुष फाउंडेशन धनबाद पिछले पांच वर्षों से गोड़तोप्पा गांव में रहने वाले मालाकार परिवार के एक कुनबे के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रहा है। संस्था ने परिवार के सदस्यों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए राशन कार्ड बनवाने, बैंक खाते खुलवाने तथा बच्चों का विद्यालयों में नामांकन कराने जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में सहयोग दिया है।
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान इंटर्न्स ने गांव के बच्चों के साथ संवाद स्थापित किया और उन्हें ड्राइंग एवं कविता लेखन का प्रशिक्षण दिया। साथ ही बच्चों और ग्रामीणों के बीच टॉफी, बिस्किट, खीरा, केला, ड्राइंग कॉपी, रंग तथा कपड़ों का वितरण भी किया गया।
विद्यार्थियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनके दैनिक जीवन, समस्याओं और जरूरतों की जानकारी प्राप्त की। इस अनुभव ने उन्हें समाज के वंचित वर्गों की परिस्थितियों को समझने तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति संवेदनशील बनने का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम में आयुष फाउंडेशन के अध्यक्ष गणेश शर्मा,सचिव अर्पिता अग्रवाल, निरुपमा नायक, प्रीतम साव, सिमरन सिंह, अनुष्का दास, अमिताभ दास सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को समाज के विभिन्न वर्गों से जोड़कर उनमें सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया जा सके।
