टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद के सरायढेला स्थित स्मृति स्थल पर पूर्व सांसद और प्रखर मजदूर नेता कॉमरेड ए.के. राय की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। एके राय मेमोरियल आयोजन समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मजदूर नेता, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। सभी ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके संघर्षपूर्ण जीवन को याद किया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि कॉमरेड ए.के. राय ने अपना पूरा जीवन मजदूरों, शोषितों और वंचितों के अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया। उनकी सादगी, ईमानदारी और जनहित के प्रति समर्पण आज भी लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

इस अवसर पर निरसा विधायक अरूप चटर्जी और समाजसेवी सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि ए के राय केवल एक राजनीतिक नेता नहीं थे, बल्कि जनसंघर्ष और सामाजिक बदलाव की एक मजबूत विचारधारा थे। झारखंड आंदोलन और मजदूर आंदोलन को नई दिशा देने में उनकी भूमिका हमेशा याद रखी जाएगी।

वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में ए के राय के सिद्धांत, उनकी सादगी और जनपक्षधर सोच पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हैं। उनके विचार समाज को समानता और न्याय की राह दिखाते हैं।

गौरतलब है कि कॉमरेड ए के राय धनबाद से तीन बार सांसद और तीन बार विधायक रहे। उन्हें झारखंड आंदोलन और मजदूर हितों की लड़ाई के एक ईमानदार, संघर्षशील और जनप्रिय चेहरे के रूप में आज भी याद किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *