
टीम अनंत सोच
धनबाद: धनबाद में आजसू पार्टी के 41वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित जनाक्रोश मार्च और सभा ने जिले का राजनीतिक माहौल गरमा दिया। गोल्फ ग्राउंड से शुरू हुआ विशाल मार्च कोयला नगर स्थित नेहरू कॉम्प्लेक्स मैदान तक पहुंचा, जहां आयोजित जनसभा में आजसू प्रमुख एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने राज्य सरकार और प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। कार्यक्रम में झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा ओडिशा और पश्चिम बंगाल से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत नेहरू कॉम्प्लेक्स में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इससे पहले आजसू कार्यकर्ताओं ने धनबाद पुलिस की कथित एकतरफा कार्रवाई और गिरफ्तारियों के विरोध में जनाक्रोश मार्च निकाला। रैली गोल्फ ग्राउंड से निकलकर पुलिस लाइन, सरायढेला और स्टील गेट होते हुए सभा स्थल पहुंची। मार्च में हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
जनसभा को संबोधित करते हुए आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड में विकास नहीं बल्कि वसूली की सरकार चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और झारखंडी जनता अपनी ही सरकार से न्याय की गुहार लगाने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि छोटे आंदोलनों से अब बात नहीं बनेगी और बड़े जनआंदोलन की जरूरत है।
सुदेश महतो ने राज्य में अवैध खनन, पोस्टिंग में कथित पैसे के खेल और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने गैंगस्टर प्रिंस खान के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि गंभीर आरोपों के बावजूद सरकार और पुलिस की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने इस मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) से कराने की मांग की।
अपने संबोधन में सुदेश महतो ने कहा कि आजसू ने लंबे संघर्ष के बाद अलग झारखंड राज्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और पार्टी को कमजोर समझने की भूल कोई न करे। उन्होंने विस्थापितों, बेरोजगार युवाओं और जमीन गंवाने वाले लोगों के अधिकारों की लड़ाई जारी रखने का भरोसा दिलाया। साथ ही धनबाद को आर्थिक जोन के रूप में विकसित करने की मांग भी उठाई।
सभा में सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, विधायक निर्मल महतो, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। नेताओं ने संगठन को मजबूत करने और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ आंदोलन तेज करने का आह्वान किया।
आजसू के स्थापना दिवस पर आयोजित जनाक्रोश मार्च के जरिए पार्टी ने राज्य सरकार के खिलाफ अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया। वहीं सुदेश महतो के तीखे तेवरों ने आने वाले दिनों में आंदोलन को और धार देने के संकेत भी दिए हैं।

