टीम अनंत सोच 

धनबाद: झारखंड सरकार के निर्देश पर चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत धनबाद नगर निगम ने सोमवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। नगर निगम कार्यालय परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों ने नशे के खिलाफ शपथ ली और मानव श्रृंखला बनाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान उप नगर आयुक्त संदीप अनुराग ने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी भी आवश्यक है। निगम कर्मियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और समाज में जनजागरूकता फैलाने का कार्य करेंगे।

उप नगर आयुक्त ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन पर गंभीर प्रभाव डालती है। इससे कई सामाजिक बुराइयों को बढ़ावा मिलता है। इसलिए सभी लोगों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवन अपनाने की जरूरत है।

अभियान के पहले दिन निगम परिसर में मानव श्रृंखला बनाकर नशा मुक्ति का संदेश दिया गया। साथ ही आम लोगों से नशे का त्याग करने और समाज को नशा मुक्त बनाने में सहयोग की अपील की गई।

उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में नगर निगम द्वारा रैली, जनसंपर्क अभियान, जागरूकता कार्यक्रम और अन्य गतिविधियों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश शहर के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा। राज्य सरकार की इस पहल में विभिन्न विभाग भी सक्रिय रूप से भागीदारी निभा रहे हैं ताकि झारखंड को नशा मुक्त बनाने के लक्ष्य को सफल बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *