
टीम अनंत सोच
धनबाद: धनबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद ढुलू महतो ने बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय में आयोजित रेलवे बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक में क्षेत्र की रेल सेवाओं, यात्री सुविधाओं एवं आधारभूत संरचना से जुड़े 18 प्रमुख मुद्दे उठाए। उन्होंने रेलवे बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों से लंबित परियोजनाओं पर शीघ्र कार्रवाई करने और जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।
बैठक में सांसद ने सोनारडीह एवं लीलोरी स्थान रेलवे फाटक पर प्रतिदिन लगने वाले जाम की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए वहां रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) अथवा रेलवे अंडरपास (आरयूबी) के निर्माण की मांग की। उन्होंने कहा कि लगातार रेल परिचालन के कारण फाटक लंबे समय तक बंद रहता है, जिससे आम लोगों, छात्रों, मरीजों और व्यापारियों को भारी परेशानी होती है। उन्होंने चार लेन सड़क के अनुरूप रेलवे क्रॉसिंग के चौड़ीकरण की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
सांसद ने प्रधानखंटा जंक्शन के क्षतिग्रस्त फ्लाइओवर ब्रिज को शीघ्र चालू कराने, धनबाद के मिठू रोड अंडरपास, भूली रेलवे ओवरब्रिज के संपर्क पथ एवं अंडरपास के निर्माण तथा कुमारधुबी स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग भी रखी।
रेल परिचालन को लेकर सांसद ने धनबाद–दिल्ली स्पेशल ट्रेन को नियमित कर सुपरफास्ट सेवा का दर्जा देने और इसे श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक विस्तारित करने की मांग की। इसके अलावा धनबाद–बेंगलुरु सुपरफास्ट सेवा, धनबाद–पटना रात्रिकालीन एक्सप्रेस, धनबाद–हजारीबाग–रांची तथा गोमो–धनबाद–जसीडीह मार्ग पर नई मेमू ट्रेनों के परिचालन का प्रस्ताव भी रखा।
उन्होंने धनबाद–लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस और स्वर्णरेखा एक्सप्रेस की समय-सारणी में सुधार, धनबाद–चंद्रपुरा पैसेंजर के फेरों में वृद्धि, वंदे भारत एक्सप्रेस को पटना तक विस्तारित करने तथा धनबाद जंक्शन को कोचिंग टर्मिनल कैपेसिटी एक्सपेंशन प्लान-2030 के तहत मेगा कोचिंग टर्मिनल के रूप में विकसित करने की मांग भी रेलवे बोर्ड के समक्ष रखी।
सांसद ने रेलवे कॉलोनियों में सफाई, बिजली, नालियों और जर्जर आवासों की स्थिति सुधारने, धनबाद स्टेशन के दक्षिणी छोर पर प्रकाश व्यवस्था एवं नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा स्टेशन पर महिला एवं पुरुष यात्रियों के लिए पर्याप्त शौचालय और निःशुल्क यूरिनल की व्यवस्था करने की भी मांग की।
बैठक में रेलवे बोर्ड के अधिकारियों ने सांसद द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने और तकनीकी व प्रशासनिक स्तर पर उनकी समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक के बाद सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद लोकसभा क्षेत्र को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक रेल सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार रेलवे मंत्रालय और रेलवे बोर्ड के समक्ष आवाज उठाते रहेंगे।
