टीम अनंत सोच 

झरिया: झरिया थाना क्षेत्र के कतरास मोड़ स्थित शराब दुकान के समीप रविवार रात कुछ युवकों द्वारा हंगामा किए जाने की सूचना पर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस जब शरारती तत्वों को वहां से हटाने का प्रयास कर रही थी, तभी भीड़ में शामिल एक युवक ने झरिया थाना की पेट्रोलिंग जीप (JH 10 AE 8902) पर पत्थर फेंक दिया। पथराव में जीप का अगला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी शशि रंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी आरोपी वहां से फरार हो चुके थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गुलगुलिया पट्टी में एक शादी समारोह आयोजित था। बताया जा रहा है कि उसी समारोह में शामिल कुछ युवक शराब दुकान के पास पहुंचकर हंगामा कर रहे थे, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस पर पथराव कर दिया गया।

फिलहाल झरिया पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस फरार युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *