टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद स्थित आईआईटी-आईएसएम में सोमवार से साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के अधिकारियों के लिए पांच दिवसीय एक्जिक्यूटिव डेवलपमेंट प्रोग्राम (EDP) की शुरुआत हुई। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में करीब बीस अधिकारी भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों को प्रोजेक्ट एवं फाइनेंशियल मैनेजमेंट के साथ-साथ आधुनिक प्रोजेक्ट मैनेजमेंट और सिमुलेशन सॉफ्टवेयर के प्रभावी उपयोग का प्रशिक्षण देना है।

आईआईटी-आईएसएम धनबाद के तत्वावधान में आयोजित इस पांच दिवसीय तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम में परियोजनाओं की बेहतर योजना, वित्तीय प्रबंधन और आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर विशेष जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को प्रोजेक्ट मैनेजमेंट के विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं से भी अवगत कराया जाएगा, ताकि वे अपने संस्थान में इन तकनीकों का प्रभावी ढंग से उपयोग कर सकें।

इस अवसर पर आईआईटी-आईएसएम के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा ने कहा कि खनन क्षेत्र में अनेक बड़े प्रोजेक्ट संचालित होते हैं, जिनमें भारी वित्तीय निवेश किया जाता है। ऐसे में परियोजनाओं का प्रभावी संचालन और उन पर होने वाले खर्च का वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित प्रबंधन बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण अधिकारियों को प्रोजेक्ट प्लानिंग, लागत नियंत्रण और संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में नई जानकारी प्रदान करेगा।

वहीं, प्रो. जे. के. पटनायक ने एक्जिक्यूटिव डेवलपमेंट प्रोग्राम की तकनीकी विशेषताओं, इसकी उपयोगिता और उद्योगों में इसके प्रभावी क्रियान्वयन के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आधुनिक सिमुलेशन सॉफ्टवेयर के माध्यम से परियोजनाओं का अधिक सटीक विश्लेषण और बेहतर प्रबंधन संभव हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *