
टीम अनंत सोच
धनबाद: जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा में कथित पेपर लीक तथा भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर शनिवार को भारतीय जनता पार्टी ने धनबाद में धरना-प्रदर्शन और पैदल मार्च आयोजित किया। मेमको मोड़ से शुरू हुआ यह विरोध मार्च समाहरणालय तक पहुंचा, जहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने राज्य सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया और मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की।
भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि जिस तरह नीट पेपर लीक मामले में नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्र के शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा दिया था, उसी प्रकार जेपीएससी पेपर लीक मामले में झारखंड के शिक्षा मंत्री सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।
वहीं युवा भाजपा धनबाद के जिला अध्यक्ष नित्यानंद मंडल ने कहा कि राज्य सरकार लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियों को रोकने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और मुख्यमंत्री को तत्काल इस मामले पर जवाब देना चाहिए।
भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी समिति के सदस्य संजीव अग्रवाल ने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा में पेपर लीक के आरोप सामने आने के बावजूद मुख्यमंत्री की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र में नीट पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय हो सकती है, तो झारखंड में भी मुख्यमंत्री को इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की गई और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी आगे भी राज्यव्यापी आंदोलन जारी रखेगी।

