टीम अनंत सोच 

धनबाद: धनबाद के बैंक मोड़ स्थित शांति भवन में बुधवार को बिजली मीटर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। समय रहते दमकल की टीम के पहुंचने और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

बैंक मोड़ के व्यस्त इलाके में स्थित शांति भवन के बिजली मीटर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते मीटर से धुआं और चिंगारियां निकलने लगीं। आग की सूचना मिलते ही बिल्डिंग में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई और सभी फ्लैटों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए।

घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि आग मीटर के समीप बने जेनरेटर रूम तक नहीं पहुंची। यदि आग वहां तक फैल जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

आग बुझाने के प्रयास में आसपास के लोगों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शांति भवन के समीप स्थित मधुलिका इंक्लेव के निवासियों ने अपने परिसर में उपलब्ध अग्निशमन उपकरण मौके पर लाकर दमकल कर्मियों का सहयोग किया।

घटना के बाद शांति भवन के निवासियों ने बिल्डिंग प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना है कि भवन में आग से निपटने के लिए कोई फायर सेफ्टी व्यवस्था या अग्निशमन यंत्र उपलब्ध नहीं है, जो सुरक्षा मानकों की अनदेखी को दर्शाता है।

प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। आग पर समय रहते काबू पा लेने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि एहतियात के तौर पर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति कुछ समय के लिए बाधित रही। अब लोग बिल्डिंग में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *