
टीम अनंत सोच
धनबाद: भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की 8वीं पुण्यतिथि पर धनबाद सांसद श्री ढुल्लू महतो ने जगजीवन नगर स्थित अपने सांसद कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सांसद एवं कार्यकर्ताओं ने अटल जी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके राष्ट्रसेवा के योगदान को स्मरण किया।
इस अवसर पर सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी भारतीय राजनीति के युगपुरुष, कुशल संगठनकर्ता, प्रखर वक्ता, कुशल पत्रकार एवं कवि हृदय राजनेता थे। झारखंड राज्य के निर्माण में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने कहा कि अटल जी के विचार, आदर्श और राष्ट्रसेवा का संकल्प आज भी प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
सांसद ने कहा कि अटल जी ने अपने विचारों और कार्यों से भारतीय लोकतंत्र को समृद्ध किया। उन्होंने सदैव ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ राजनीति को जनसेवा और राष्ट्रहित का माध्यम माना। उनके नेतृत्व में भारत ने सामरिक शक्ति, आर्थिक विकास और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की तथा देश को आत्मविश्वास और विकास की नई दिशा मिली।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अटल बिहारी वाजपेयी के बताए मार्ग और आदर्शों पर चलते हुए संगठन को मजबूत करें तथा कुशल कार्यकर्ता और प्रभावी नेतृत्वकर्ता बनने का प्रयास करें।
कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संजीव अग्रवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार, सांसद प्रतिनिधि नितिन भट्ट, सह सांसद प्रतिनिधि मिल्टन पार्थ सारथी, भाजपा के वरिष्ठ नेता संजय झा, शांतनु चंद्रा, अवधेश पासवान, बसंती देवी, राजाराम दत्ता, सनी रवानी, हुलास दास, इंदु भूषण कुशवाहा, सुनील चौधरी, नीतू शंकर, प्रितपाल सिंह अजमानी, चंद्रशेखर मुन्ना, विजय शर्मा, प्रमोद सिंह, विश्वजीत सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
