इंडोनेशियाई आदिवासी महल की थीम पर सजेगा पंडाल, 30 लाख रुपये तक आएगी लागत

टीम अनंत सोच
धनबाद: झारखंड मैदान स्थित श्री श्री सत्यम शिवम सुंदरम दुर्गा पूजा समिति की ओर से 27वें दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ खूंटी पूजन संपन्न हुआ। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल से पहुंचे कारीगरों ने भव्य पूजा पंडाल के निर्माण का काम शुरू कर दिया।
समिति के महासचिव राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2002 से लगातार आयोजित हो रही यह पूजा इस बार 27वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। इस वर्ष पंडाल निर्माण पर करीब 28 से 30 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। पंडाल को इंडोनेशिया के आदिवासी महल की थीम पर तैयार किया जा रहा है। बांस, चटाई और अन्य प्राकृतिक सामग्रियों से बनने वाला यह इको-फ्रेंडली पंडाल अपने अनूठे स्वरूप के कारण श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा।
पूजा पंडाल के साथ मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा और आकर्षक विद्युत सज्जा की भी विशेष व्यवस्था की जा रही है। प्रतिमा और लाइटिंग का काम पश्चिम बंगाल के दीघा से कराया जा रहा है।
समिति के अनुसार, 12 अक्टूबर को कलश स्थापना के साथ पूजा का शुभारंभ होगा, जबकि 23 अक्टूबर को भव्य झांकियों के साथ प्रतिमा विसर्जन किया जाएगा। महालया के अगले दिन से ही श्रद्धालुओं के लिए पंडाल और विद्युत सज्जा का दर्शन शुरू कर दिया जाएगा।
खूंटी पूजन के दौरान समिति के अध्यक्ष मनोज मालाकार, महासचिव राजेश कुमार गुप्ता, सचिव उमेश यादव, कोषाध्यक्ष राजेश मालाकार, विकास साव, दिलीप शर्मा, नागेश्वर साहू, बबलू ठाकुर, सुबोध सिंह सहित समिति के दर्जनों सदस्य मौजूद रहे।

