

टीम अनंत सोच
धनबाद: धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में मेडिकल छात्रों के ग्रेजुएशन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 2020 बैच के 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। मेडिकल शिक्षा पूरी करने वाले छात्रों को इस अवसर पर प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य, विभिन्न विभागों के फैकल्टी सदस्य और प्रोफेसर मौजूद रहे। प्रमाणपत्र मिलने के बाद छात्रों में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। वहीं, समारोह में शामिल अभिभावक भी अपने बच्चों की उपलब्धि पर गर्व महसूस करते नजर आए।
छात्रों ने कहा कि डॉक्टर बनने का सपना पूरा होना उनके साथ-साथ उनके माता-पिता के लिए भी बेहद खास पल है। वर्षों की मेहनत और पढ़ाई के बाद जब माता-पिता अपने बच्चों के हाथों में मेडिकल शिक्षा पूरी करने का प्रमाणपत्र देखते हैं, तो यह पूरे परिवार के लिए खुशी और गर्व का क्षण बन जाता है।

