
टीम अनंत सोच
धनबाद: यूजीसी के नए नियम और मौजूदा आरक्षण व्यवस्था के विरोध में राजपूत विचार मंच ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। मंच की केंद्रीय कमेटी के अध्यक्ष डी एन सिंह के आवासीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में वक्ताओं ने इन मुद्दों को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
मंच के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि यूजीसी का नया नियम छात्रों को बिना निष्पक्ष जांच के कार्रवाई के दायरे में ला सकता है। इससे मेधावी विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होने की आशंका है। वक्ताओं ने मांग की कि इस नियम को तत्काल वापस लिया जाए।
आरक्षण व्यवस्था पर भी मंच ने सवाल उठाते हुए कहा कि वर्तमान व्यवस्था के कारण समाज में असमानता बढ़ रही है। मंच ने सभी वर्गों के लिए समानता की नीति लागू करने की मांग की, ताकि किसी भी वर्ग के साथ भेदभाव न हो।
वक्ताओं ने बताया कि जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही प्रधानमंत्री को डाक के माध्यम से तथा उपायुक्त के जरिए पत्र भेजकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
मंच के नेताओं ने आरोप लगाया कि आंदोलन को दबाने और कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ऐसी कोशिशों से प्रभावित नहीं होगी और अपने आंदोलन को और मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगी।

