
टीम अनंत सोच
धनबाद: शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित बरमसिया मध्य विद्यालय की प्रभारी शिक्षिका मुनमुन भट्टाचार्य को शुक्रवार को सम्मानित किया गया। निरसा विधायक अरूप चटर्जी उनके सरायढेला स्थित आस्था स्नेहा अपार्टमेंट आवास पहुंचे और पुष्पगुच्छ, मोमेंटो एवं शॉल भेंट कर उन्हें बधाई दी।
इस अवसर पर विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि मुनमुन भट्टाचार्य का राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयन होना पूरे धनबाद के लिए गौरव की बात है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने विद्यालय के विकास और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए जिस समर्पण के साथ कार्य किया, वह अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणादायक है।
उन्होंने कहा कि मुनमुन भट्टाचार्य की मेहनत और नवाचार को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलना धनबाद के शिक्षा जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। विधायक ने उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता से जिले के अन्य शिक्षक भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित होंगे।
कार्यक्रम में झारखंड बांग्ला भाषा संघर्ष समिति के जिला अध्यक्ष सम्राट चौधरी, सचिव राणा चट्टराज, जयदीप बनर्जी, जयदीप मुखर्जी, कल्याण चक्रवर्ती, नागेंद्र राय, विजय मंडल, सुजीत रजक सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

