टीम अनंत सोच 

धनबाद शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल कोर्ट रोड को अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग से मुक्त कराने के लिए बुधवार को प्रशासन ने व्यापक अभियान चलाया। एसडीएम लोकेश बारंगे के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने रणधीर वर्मा चौक से लेकर डीआरएम चौक तक कार्रवाई की।

अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले, गुमटी, काउंटर और अन्य अस्थायी दुकानों को बुलडोजर की मदद से हटाया गया। नगर निगम की टीम ने मौके से कई सामान जब्त किए, जिन्हें ट्रैक्टर के माध्यम से निगम कार्यालय पहुंचाया गया।

कार्रवाई केवल अतिक्रमण तक सीमित नहीं रही। सड़क और उसके किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े बाइक समेत अन्य वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। प्रशासन का उद्देश्य सड़क को सुगम बनाना और लगातार लगने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाना है।

एसडीएम लोकेश बारंगे ने कहा कि कोर्ट रोड शहर का एक महत्वपूर्ण और अत्यधिक व्यस्त मार्ग है। अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हालांकि, बुधवार की कार्रवाई के बाद प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती कोर्ट रोड को स्थायी रूप से अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *