टीम अनंत सोच 

धनबाद : अपनी अनोखी धार्मिक यात्राओं के लिए चर्चित पश्चिम बंगाल के राजकुमार महतो सोमवार को धनबाद पहुंचे। देवघर से सुल्तानगंज की ओर अपनी विशेष यात्रा पर निकले राजकुमार महतो का धनबाद पहुंचने पर यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव आमिर खान ने स्वागत किया। इस दौरान उनके ठहरने और भोजन की व्यवस्था भी की गई।

राजकुमार महतो लंबे समय से अलग-अलग तरीकों से धार्मिक यात्राएं कर लोगों का ध्यान आकर्षित करते रहे हैं। कभी पैदल, कभी साइकिल और कभी बिच्छू की तरह चलकर यात्रा करने वाले राजकुमार अब तक देश के विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा कर चुके हैं। उनका दावा है कि वह 22 ज्योतिर्लिंगों की यात्रा के दौरान करीब 36 हजार किलोमीटर का सफर तय कर चुके हैं।

भगवान महाकाल के प्रति अटूट श्रद्धा रखने वाले राजकुमार महतो का कहना है कि उनकी यात्राओं का मुख्य उद्देश्य देशभर में सनातन धर्म का प्रचार-प्रसार करना और लोगों को धार्मिक आस्था से जोड़ना है।

धनबाद पहुंचने पर उन्होंने अपनी यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन और आम लोगों से मिले सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने बताया कि आगे उनकी योजना काशी विश्वनाथ से अयोध्या स्थित राम मंदिर तक बिच्छू की तरह चलकर विशेष यात्रा पूरी करने की है।

राजकुमार महतो की इस अनोखी यात्रा को देखने और उनके बारे में जानने के लिए धनबाद में लोगों के बीच भी उत्सुकता देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *