

टीम अनंत सोच
धनबाद :धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान को पुलिस की विशेष टीम ने कोलकाता से गिरफ्तार कर धनबाद लाया है। गिरफ्तारी के बाद उससे लगातार पूछताछ की जा रही है, जिसमें कई अहम जानकारियां सामने आने का दावा किया जा रहा है।
बंटी खान की गिरफ्तारी के बाद धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी मो. एस. याकूब बैंकमोड़ थाना पहुंचे।
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि धनबाद पुलिस की स्पेशल टीम ने बंटी खान को कोलकाता से गिरफ्तार किया है और उससे पूछताछ जारी है।
एसएसपी के अनुसार, पूछताछ के दौरान बंटी खान ने कई ऐसे ठिकानों और लोगों के बारे में जानकारी दी है, जो अब तक पुलिस की नजर में नहीं थे। उसने कुछ ऐसे स्थानों का भी खुलासा किया है, जहां कथित तौर पर अपराध की योजनाएं बनाई जाती थीं और संदिग्ध अथवा अवैध सामान रखा जाता था।
पुलिस अब उसके द्वारा बताए गए ठिकानों पर कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, बंटी खान ने कई ऐसे स्थानीय अपराधियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी भूमिका धमकी देने, रंगदारी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में बताई जा रही है। इनमें झरिया क्षेत्र के कुछ स्थानीय अपराधियों के नाम भी सामने आने की बात कही गई है।
पूछताछ के दौरान बंटी खान ने कई कथित हाइडआउट्स की जानकारी भी पुलिस को दी है। पुलिस उसे इन स्थानों पर ले जाकर पहचान और सत्यापन की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस को मिले कुछ दस्तावेजों से यह भी आशंका जताई जा रही है कि बंटी खान फर्जी पासपोर्ट के सहारे विदेश फरार होने की तैयारी में था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस द्वारा दस्तावेजों और अन्य तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस बंटी खान को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है। इसके बाद धनबाद पुलिस उससे और विस्तृत पूछताछ के लिए अदालत से रिमांड की मांग कर सकती है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ और उसके द्वारा दी गई जानकारियों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है तथा मामले में कई और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

