टीम अनंत सोच 

धनबाद: केंद्र सरकार के MMDR और लेबर कोड कानूनों के विरोध में मंगलवार को सीटू के नेतृत्व में धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में मजदूरों और संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में शामिल होकर इन कानूनों के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शन का नेतृत्व सीटू के धनबाद जिला अध्यक्ष ने किया।

सीटू नेताओं ने केंद्र सरकार पर मजदूर विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि MMDR कानून के जरिए झारखंड की खनिज संपदा पर नियंत्रण बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना था कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और खनन एवं उत्पादन बढ़ाने के नाम पर यहां के संसाधनों के दोहन का प्रयास किया जा रहा है।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि कोयला मजदूर जमीन के भीतर से कोयला निकालकर देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन इसके बावजूद उनके हितों की अनदेखी की जा रही है। सीटू ने सरकार की नीतियों को मजदूरों के अधिकारों के लिए चुनौती बताया।

संगठन की ओर से बताया गया कि MMDR और लेबर कोड के विरोध में मजदूरों तथा आम लोगों से हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। हजारों लोगों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन को उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री को भेजा जाएगा।

सीटू नेताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर सरकार ने सकारात्मक पहल नहीं की, तो 1 से 3 अक्टूबर तक दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन किया जाएगा। संगठन ने मजदूरों, किसानों और युवाओं से आंदोलन में शामिल होने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *