
टीम अनंत सोच
धनबाद: जिला परिषद मैदान में बंगाली कल्याण समिति की ओर से आयोजित छह दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव में भक्ति और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। पूजा महोत्सव के उद्घाटन समारोह में झरिया-जामाडोबा की नूपुर डांस एकेडमी के करीब 60 विद्यार्थियों ने ‘महिषासुर मर्दिनी’ नृत्य-नाटिका प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुति से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।
समिति के आठवें वर्ष के पूजा महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ पंचमी के दिन मुख्य अतिथि समाजसेवी कुंभनाथ सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद नृत्य-नाटिका के माध्यम से मां दुर्गा की महिमा और महिषासुर पर उनकी विजय की गाथा को जीवंत किया गया। विद्यार्थियों के शानदार नृत्य, भाव-भंगिमाओं और उत्कृष्ट तालमेल की दर्शकों ने सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
नूपुर डांस एकेडमी की प्राचार्या सपना चक्रवर्ती ने कहा कि बंगाली कल्याण समिति के दुर्गा पूजा उद्घाटन समारोह में ‘महिषासुर मर्दिनी’ प्रस्तुत करना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि इस विशेष प्रस्तुति के लिए विद्यार्थियों ने करीब दो महीने तक नियमित अभ्यास किया था। बच्चों की मेहनत और समर्पण का परिणाम मंच पर देखने को मिला।
समिति की सांस्कृतिक सचिव संगीता गांगुली ने बताया कि वर्ष 2019 से सक्रिय बंगाली कल्याण समिति हर साल भक्ति, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दुर्गा पूजा का आयोजन करती आ रही है। छह दिवसीय महोत्सव के दौरान पूजा-अर्चना, आकर्षक पंडाल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भोग वितरण श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
आयोजकों ने धनबाद और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं, परिवारों तथा मित्रों से महोत्सव में शामिल होकर मां दुर्गा का आशीर्वाद लेने और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद उठाने की अपील की है।

