घंटों की मशक्कत के बाद आयुष को सुरक्षित निकाला गया, खुले मैदान में पाइप रखे जाने से ग्रामीणों में नाराजगी

टीम अनंत सोच
धनबाद/बलियापुर: बेलगड़िया टाउनशिप में बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खेलते-खेलते एक बच्चा पानी सप्लाई के लिए रखे पाइप के अंदर फंस गया। बच्चे की पहचान आयुष के रूप में हुई है। उसके पिता का नाम डब्लू शर्मा बताया गया है। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और पुलिस ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद आयुष को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, दामोदर नदी से पानी की आपूर्ति के लिए बेलगड़िया टाउनशिप के एक खुले मैदान में बड़ी संख्या में पाइप रखे गए हैं। बीती रात आयुष खेलते समय इनमें से एक पाइप के अंदर चला गया और बाहर नहीं निकल सका। पाइप में फंसने के बाद उसने मदद के लिए आवाज लगाई। बच्चे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे निकालने की कोशिश शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही बेलगड़िया टीओपी प्रभारी एमडी इरफान अंसारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया। पाइप को हटाने के लिए एक गाड़ी भी मंगाई गई थी, लेकिन उससे पाइप हटाने की प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही ग्रामीणों और पुलिस टीम के संयुक्त प्रयास से बच्चे को बाहर निकाल लिया गया।
बच्चे के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, घटना ने खुले मैदान में असुरक्षित तरीके से बड़ी संख्या में पाइप रखे जाने को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि इस तरह पाइप खुले में पड़े रहने से बच्चों के साथ कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से पाइपों को सुरक्षित तरीके से रखने और घटनास्थल पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

