शराब पार्टी के बाद चोरी करने पहुंचे थे दोनों आरोपी, पुजारी के जागने और विरोध करने पर गला दबाकर की हत्या; टीवी, बर्तन और मोबाइल भी लूटे

टीम अनंत सोच
धनबाद: कतरास थाना क्षेत्र के चर्चित लिलोरी मंदिर पुजारी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। महज 15 हजार रुपये की चोरी के इरादे से दो दोस्तों ने मिलकर अपने ही साथी मुन्ना पांडेय की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आमटांड़ निवासी सोनू कुमार राय उर्फ बजरंगी (19) और भगत सिंह चौक निवासी मिथुन गोप (33) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वे अक्सर मृतक मुन्ना पांडेय के साथ बैठकर शराब पार्टी किया करते थे। इसी दौरान उन्हें मुन्ना के घर में रखे 15 हजार रुपये की जानकारी मिली थी। 28 अक्टूबर की रात शराब पार्टी के बाद दोनों चोरी की नीयत से मुन्ना के घर पहुंचे थे।
बताया जाता है कि जब दोनों घर में रखे रुपये चोरी कर रहे थे, तभी मुन्ना पांडेय की नींद खुल गई। चोरी करते पकड़े जाने और विरोध का सामना करने के डर से दोनों ने पहले टीवी के डिश तार से उसका गला घोंट दिया। इसके बाद घर में रखे चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से टीवी, कांसे के बर्तन और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। इस तरह महज 15 हजार रुपये के लालच में दोनों ने दोस्ती के रिश्ते को खून से रंग दिया।
आरोपियों की निशानदेही पर सामान और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए सामान और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है।
इस पूरे अभियान में कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में पुलिस अवर निरीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह, मनोज कुमार, निर्भय कुमार, पवन तिर्की, सत्येंद्र यादव, सहायक अवर निरीक्षक शैलेश कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

