चंदन का तिलक लगाकर बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की, उपहार देकर भाइयों ने जताया स्नेह

टीम अनंत सोच 

धनबाद: भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक भाईफोटा पर्व बुधवार को कोयलांचल धनबाद में हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। खासकर बंगाली समाज के परिवारों में इस पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही घरों में उत्सव का माहौल रहा। कहीं पूजा-अर्चना हुई तो कहीं पारंपरिक पकवानों और मिठाइयों के बीच भाई-बहनों ने इस खास दिन को यादगार बनाया।

भाईफोटा की परंपरा के अनुसार बहनें स्नान कर नए वस्त्र धारण करती हैं। कई बहनें इस दिन उपवास भी रखती हैं। इसके बाद भाइयों के माथे पर चंदन का फोटा लगाकर उनकी आरती उतारती हैं और मंत्रोच्चार के साथ उनकी लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य तथा सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। वहीं भाई भी बहनों को उपहार देकर उनके प्रति अपना प्रेम और सम्मान प्रकट करते हैं। परिवार की बुजुर्ग महिलाएं भी अपने पोते-पोतियों के माथे पर फोटा लगाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना करती हैं।

हीरापुर के जेसी मल्लिक रोड निवासी श्रेया और श्रेयोषी ने बताया कि भाईफोटा बंगाली समाज का बेहद खास और भावनात्मक त्योहार है। दीपावली के दो दिन बाद मनाए जाने वाले इस पर्व में बहनें अपने भाइयों के माथे पर चंदन का तिलक लगाकर उनकी खुशहाल जिंदगी की प्रार्थना करती हैं। बदले में भाई उपहार देकर बहनों के प्रति अपना स्नेह जताते हैं। उन्होंने कहा कि इस पर्व का इंतजार बंगाली परिवारों को हर साल रहता है।

पर्व को लेकर हीरापुर समेत धनबाद के विभिन्न इलाकों में घरों में तरह-तरह के पारंपरिक व्यंजन और मिठाइयां तैयार की गईं। परिवार के सभी सदस्य एक साथ जुटे और खुशियां साझा कीं। भाईफोटा ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि बदलते समय और आधुनिक जीवनशैली के बावजूद पारिवारिक परंपराएं और भाई-बहन के रिश्तों की मिठास आज भी बरकरार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *