टीम अनंत सोच 

धनबाद: गोमाता की सेवा, संरक्षण और पूजा-अर्चना के संदेश के साथ मंगलवार को बस्ताकोला स्थित श्री झरिया-धनबाद गौशाला में गोपाष्टमी महोत्सव पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। गौशाला के 106वें वार्षिक अधिवेशन के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक समारोह में धनबाद और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने परिवार के साथ पहुंचे। सुबह से ही गौशाला परिसर में भक्तों की भीड़ लगी रही।

महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से गौ माता की पूजा-अर्चना की। उन्हें हरा चारा, गुड़ और अन्य खाद्य सामग्री खिलाकर गौ सेवा के लिए दान-पुण्य किया। इस अवसर पर कई श्रद्धालुओं ने निर्जला उपवास भी रखा और गौ पूजन के बाद ही अपना व्रत खोला।

हाउसिंग कॉलोनी से अपने माता-पिता और परिवार के साथ पहुंचीं डॉ. जयश्री केडिया ने कहा कि हिंदू धर्म में गोपाष्टमी का विशेष महत्व है। इस दिन सुबह से उपवास रखकर गौ माता की पूजा की जाती है और उन्हें चारा खिलाया जाता है। साथ ही पूरे वर्ष गायों की सेवा और देखभाल के लिए अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान दिया जाता है।

मटकुरिया से अपनी बेटियों और बहुओं के साथ पहुंचीं गोमती देवी ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गाय में करोड़ों देवी-देवताओं का वास होता है। मान्यता है कि गोपाष्टमी के दिन ही भगवान श्रीकृष्ण पहली बार गायों को चराने के लिए वन गए थे। तभी से इस पर्व को विशेष रूप से मनाने की परंपरा चली आ रही है।

वहीं, विकास नगर से अपने पति के साथ पहुंचीं गुड़िया सर्राफ ने भी उत्साहपूर्वक गौ पूजन किया। उन्होंने गोपाष्टमी के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए इस पर्व को गौ माता की सेवा और सम्मान का विशेष अवसर बताया।

इस अवसर पर गौशाला की गायों को आकर्षक वस्त्रों और फूलों की मालाओं से सजाया गया था। मंत्रोच्चार और भक्ति गीतों के बीच पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा। आयोजन के माध्यम से गौ संरक्षण, संवर्धन और सेवा के प्रति लोगों को प्रेरित करने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *