साक्षी के विवाह समारोह में जुटीं सत्ता और विपक्ष की प्रमुख हस्तियां, नवदंपति को दिया सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद

टीम अनंत सोच 

धनबाद: चिटाही धाम में धनबाद के सांसद ढुलू महतो और सावित्री देवी की पुत्री साक्षी के विवाह समारोह में राजनीतिक दिग्गजों का जमावड़ा लगा रहा। भव्य और शाही अंदाज में आयोजित इस वैवाहिक समारोह में सत्ता पक्ष से लेकर विपक्ष तक के कई बड़े नेता शामिल हुए और नवदंपति को आशीर्वाद देकर उनके सुखद भविष्य की कामना की।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ समारोह में पहुंचे। उन्होंने वर-वधू को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय और मंगलमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।

वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी समारोह में शिरकत की। दोनों नेताओं ने नवदंपति को आशीर्वाद दिया और उनके जीवन में प्रेम, खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की।

इसके अलावा कोडरमा विधायक एवं झारखंड की पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. नीरा यादव भी चिटाही धाम पहुंचीं। उन्होंने सांसद की पुत्री साक्षी को शुभाशीष देते हुए नवदंपति के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।

सांसद ढुलू महतो की बेटी के इस भव्य विवाह समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन, बाबूलाल मरांडी, आदित्य साहू और डॉ. नीरा यादव समेत कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों की मौजूदगी खास चर्चा का विषय बनी रही। राजनीतिक विचारधाराओं से अलग-अलग दलों के नेताओं की एक साथ उपस्थिति ने समारोह को और भी खास बना दिया। सभी अतिथियों ने नवदंपति को प्रेम, विश्वास और आपसी समर्पण के साथ जीवन की नई शुरुआत करने की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed